Himachal Breaking: मनाली माल रोड पर गाड़ी लेकर पहुंच गए चंडीगढ़ के टूरिस्ट, पुलिस ने किया 20000 रुपये का चालान; एडवायजरी जारी
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली: 16 जून 2026 :
चंडीगढ़ के पर्यटक मनाली के प्रतिबंधित माल रोड पर गाड़ी लेकर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो वायरल होने पर संज्ञान लेते हुए 20,000 रुपये का चालान किया।
हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटक गाड़ी लेकर प्रतिबंधित माल रोड पर पहुंच गए। माल रोड पर वाहनों की आवाजाही बिल्कुल प्रतिबंधित रहती है व यहां पर्यटक परिवार व बच्चों सहित घूमते हैं। लेकिन रात को चंडीगढ़ के पर्यटक नियमों को अनदेखा करते हुए माल रोड पर सीएच नंबर की गाड़ी लेकर पहुंच गए।
प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित वाहन चालक का 20 हजार रुपये का चालान किया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन
पुलिस ने यह कार्रवाई वीडियो वायरल होने के बाद की है। प्रतिबंधित माल रोड में गाड़ी लाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग ने मामले की जांच की और वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194/115 के तहत कार्रवाई अमल में लाई। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहन का ₹20,000 रुपये का चालान किया गया।
रात साढ़े 10 बजे की घटना
यह घटना 15 जून रात करीब 10:30 बजे की है, जब वाहन ने प्रतिबंधित मॉल रोड क्षेत्र में प्रवेश किया। मामले की पुष्टि होने के बाद कुल्लू पुलिस द्वारा नियमानुसार ई-चालान जारी किया गया, जिसकी स्थिति फिलहाल लंबित (पेंडिंग) बताई जा रही है।
कब बना माल रोड
2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने माल रोड को वाहनों के लिए प्रतिबंधित करवाया था। इससे पहले माल रोड नेशनल हाईवे का भाग था। 2007 में बाईपास सड़क का निर्माण होने के बाद 2008 में माल रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी।
कैसे हुई चूक
माल रोड की ओर जाने वाली सड़क पर बैरिकेड लगे हैं, लेकिन होटल सीलमोग की गली के पास पर्यटक धोखा खा जाते हैं। पुलिस को उस गली में भी बैरिकेड लगाने चाहिएं। कयास लगाए जा रहे हैं कि पर्यटकों से अनजाने में यह चूक हुई है।
पुलिस की एडवायजरी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मॉल रोड क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर निर्धारित नियम लागू हैं और उनका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन प्रवेश न करने की अपील की है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →