Himachal : शिमला में चिट्टे सहित दबोचे चार तस्कर, दो अलग-अलग मामलों में 11 ग्राम नशा जब्त, दो सीरिंज भी कब्जे में ली
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 15 जून 2026 : शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कोटखाई ने तीन युवकों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस टीम ने गत शनिवार को बागी कैंची के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-705 पर नाकाबंदी और वाहन जांच के दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन के सहचालक की ओर वाले दरवाजे की जेब से करीब पांच ग्राम चिट्टा और दो सिरिंज बरामद की गईं। इस मामले में पुलिस थाना कोटखाई में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में तीन युवकों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें मानव मलिक उम्र 23 वर्ष निवासी चंडीगढ़, हार्दिक शर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी कोटखाई जिला शिमला और अंकित चौहान उम्र 26 वर्ष निवासी कोटखाई जिला शिमला शामिल हैं।
पुलिस आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इसके अलावा दूसरे मामले में पुलिस चौकी सराहन (कैंप ज्यूरी) की टीम ने ज्यूरी स्थित जेपीएस स्कूल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन चालक के कब्जे से करीब छह ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना झाकड़ी में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक राज उम्र 38 वर्ष निवासी जघोरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है। उधर, एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ी कारवाही की जाएगी। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →