Manali - Leh Road Block : जिस्पा नाले में बाढ़ से कई घंटे बंद रहा लेह मार्ग, दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें
बाबूशाही ब्यूरो
केलांग: 30 जून 2026 :लाहौल घाटी में सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद जिस्पा के समीप नाले में अचानक आई बाढ़ से मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग कई घंटों तक यातायात के लिए बंद रहा। नाले में पानी और मलबे का बहाव बढ़ने से सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिसके चलते मार्ग के दोनों ओर पर्यटक वाहनों, ट्रकों और अन्य गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की मशीनरी मौके पर पहुंची और सड़क पर जमा मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को आंशिक रूप से बहाल किया गया, जिसके बाद फंसे हुए वाहनों को चरणबद्ध तरीके से निकाला गया।
हाल के दिनों में लाहौल-स्पीति के विभिन्न नालों में जलस्तर बढ़ने और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें तथा बारिश के दौरान नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम न उठाएं।
मौसम विभाग ने भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी है तथा यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। (SBP)
देखें वीडियो : https://drive.google.com/file/d/1mCHy5DoW4nJ6IxJ7Bu-PRKyAnUv11saO/view?usp=drivesdk
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →