Himachal : Fraud With Scooty Agent : सरकारी टेंडर के नाम पर शोरूम से आठ इलेक्ट्रिक स्कूटियां ले गया शातिर, खुद को ठेकेदार बताकर एजेंसी संचालक को लगाई करारी चपत
बाबूशाही ब्यूरो
बिलासपुर। 23 जुलाई 2026 : घुमारवीं में सरकारी टेंडर का झांसा देकर इलेक्ट्रिक स्कूटी एजेंसी संचालक से आठ इलेक्ट्रिक स्कूटियां हड़पने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बाबत शिकायतकर्ता घुमारवीं में इलेक्ट्रिक स्कूटी एजेंसी संचालक गांव समैला तहसील बल्द्वाड़ा जिला मंडी निवासी रामस्वरूप ने थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि नितिश शर्मा नामक व्यक्ति ने स्वयं को कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर से जुड़ा सरकारी ठेकेदार बताकर विश्वास में लिया। आरोपी ने दावा किया कि उसे सरकारी विभाग में इलेक्ट्रिक स्कूटियों की आपूर्ति का बड़ा टेंडर मिला है।
शिकायत के मुताबिक 19 से 24 जून, 2026 के बीच आरोपी सरकारी खरीद का हवाला देकर अलग-अलग समय पर आठ इलेक्ट्रिक स्कूटियां अपने साथ ले गया। उसने आश्वासन दिया कि सरकारी प्रक्रिया पूरी होते ही पूरी भुगतान राशि दे दी जाएगी। जब काफी समय तक भुगतान नहीं हुआ और एजेंसी संचालक ने टेंडर से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में जांच करने पर पता चला कि उसके पास किसी भी सरकारी विभाग का कोई वैध टेंडर या ठेका नहीं था। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →