Horrific Accident in Lahaul : हिमाचल के लाहौल में भीषण हादसा: कुल्लू से पांगी जा रही टैक्सी पर पहाड़ी से गिरा मलबा, 13 की मौत, 2 घायल
शशिभूषण पुरोहित
केलांग : 24 जुलाई 2026 : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कडू नाला के समीप पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी उसकी चपेट में आ गई। हादसे में टैक्सी में सवार 15 लोगों में से 13 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने दी।
विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि टैक्सी में कुल 15 लोग सवार थे। कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण वाहन पूरी तरह मलबे में दब गया। इस भीषण हादसे में एक छोटे बच्चे सहित 13 लोगों की जान चली गई। दो यात्रियों ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान तो बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार टैक्सी कुल्लू से पांगी जा रही थी। उदयपुर-किलाड़ मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद होने से वाहन में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार सुबह मार्ग खुलने के बाद वे पांगी के लिए रवाना हुए। सुबह जब टैक्सी कडू नाला के पास पहुंची तो अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने लगे। देखते ही देखते टैक्सी मलबे के नीचे दब गई।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीनों और बचाव दल की मदद से अभियान चलाया जा रहा है। भारी मलबा होने के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक डॉ. जनकराज ने जताया शोक
भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार तथा मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण यातायात पहले से ही प्रभावित है। प्रशासन ने इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें :
https://drive.google.com/file/d/1AJihoGpHj0h1jcVeTInWx4HiKncDbOpy/view?usp=drivesdk
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →