HPMC Apple Procurement 2026: हिमाचल में सी-ग्रेड सेब खरीद की जिम्मेदारी एचपीएमसी को, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 02 अगस्त 2026:
एचपीएमसी को सी-ग्रेड सेब की खरीद का दायित्व सौंपा है। इस खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एमआईएस खरीद प्रणाली का पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया है। किसानों के लिए एमआईएस एप पर पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है, और अब तक 250 से अधिक किसान पंजीकरण करवा चुके हैं।
एचपीएमसी के महाप्रबंधक अमन कुमार राणा ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न सेब उत्पादक क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से एप्पल कलेक्शन सेंटर संचालित करेगा। पहले चरण में शिमला जिले के रोहड़ू, जुब्बल और चौपाल में केंद्र स्थापित होंगे। मंडी के चिंडी व चच्योट, कुल्लू और चंबा जिले के चिह्नित क्षेत्रों में भी केंद्र बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार आगामी चरणों में अन्य क्षेत्रों में भी कलेक्शन सेंटर शुरू किए जाएंगे। सफल पंजीकरण के बाद किसान एमआईएस एप के माध्यम से सी-ग्रेड सेब की प्रस्तावित मात्रा की अग्रिम सूचना दे सकेंगे। वे अपनी सुविधा के अनुसार निकटतम एप्पल कलेक्शन सेंटर का चयन भी कर पाएंगे। इससे एचपीएमसी को खरीद की समुचित व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।
मोबाइल एप से भी कर सकते हैं पंजीकरण
किसान लैपटॉप, डेस्कटॉप कंप्यूटर या विशेष मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों से सहयोग का आग्रह किया गया है। एमआईएस एप को लोकमित्र केंद्रों से भी जोड़ा जा रहा है। यहां किसानों को पंजीकरण और अन्य संबंधित सेवाओं के लिए सहायता मिलेगी।
हिमफेड भी चला रहा है कलेक्शन सेंटर
हिमफेड भी जरूरत के अनुसार अपने एप्पल कलेक्शन सेंटर संचालित कर रहा है। इनमें रामपुर, आनी, जुब्बल, ठियोग और जोगिंद्रनगर जैसे स्थान शामिल हैं। एचपीएमसी ने सभी सेब उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए समय पर पंजीकरण करें। पंजीकृत किसान एप के माध्यम से अपनी उपज निकटतम संचालित एप्पल कलेक्शन सेंटर पर उपलब्ध करवा सकेंगे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →