हिमाचल में गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ़्त बिजली और महिलाओं को हर माह 1500 रुपये, दो बड़ी गारंटियों को एक योजना में समेटने की तैयारी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 15 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की दो प्रमुख चुनावी गारंटियों को एक साथ लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। सरकार की प्रस्तावित ‘मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने के साथ पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की योजना है।
ग्रामीण विकास विभाग ने पंचायत स्तर पर पात्र परिवारों की पहचान के लिए किया गया सर्वे लगभग पूरा कर लिया है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार करीब 1.80 लाख परिवार 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली के लाभ के दायरे में आ सकते हैं। हालांकि, अंतिम लाभार्थियों का निर्धारण सत्यापन और डाटा एकीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगा।
महिलाओं के खाते में सीधे पहुंचेगी सहायता
योजना का दूसरा बड़ा हिस्सा महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक करीब 2.35 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सहायता मिल सकती है। यह राशि महिला मुखिया या पात्र महिला सदस्य के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किए जाने की योजना है।
सरकार का मानना है कि बिजली बिल में राहत और प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर दोहरा वित्तीय बोझ कम होगा।
आय और सामाजिक स्थिति के आधार पर हुआ सर्वे
पात्र परिवारों की पहचान के लिए पंचायत स्तर पर सर्वे किया गया। इसमें परिवार की आय, सामाजिक स्थिति, आवासीय परिस्थितियों और अन्य निर्धारित मानकों को आधार बनाया गया है। अब सरकार अंतिम सत्यापन के बाद लाभार्थियों का डाटा एकीकृत करने की प्रक्रिया में जुटी है।
2022 की गारंटियों को लागू करने की दिशा में बड़ा कदम
विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने और 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का वादा किया था। इन दोनों गारंटियों के क्रियान्वयन को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठाता रहा है।
अब दोनों योजनाओं को एक ही व्यापक सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी को सरकार की ओर से इन चुनावी वादों को जमीन पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रियंका गांधी के हाथों शुभारंभ की चर्चा
योजना के औपचारिक शुभारंभ को लेकर कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी का नाम चर्चा में है। हालांकि, उनके हाथों योजना के शुभारंभ की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →