CM Sukhu Greets Asian Games Champion Seema : एशियाई खेलों में कांस्य जीतने वाली हिमाचल की सीमा को मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी बधाई
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 25 सितंबर 2026: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की एथलीट सीमा कुमारी ने एशियाई खेल-2026 में महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे एशियाई खेलों में सीमा के शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सीमा कुमारी का शानदार प्रदर्शन पूरे हिमाचल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सीमा की मेहनत, लगन, दृढ़ता और संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश में मौजूद खेल प्रतिभाओं की क्षमता को दर्शाती है।
हजारों युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा कुमारी की सफलता हिमाचल के हजारों युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और अपने भविष्य को नई दिशा देने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण के अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी।
खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में अपने सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमा कुमारी की उपलब्धि न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →