चंडीगढ़ के नए मेयर जोशी आज 02 फरवरी को लगाएंगे जनता दरबार
चंडीगढ़, 02 फरवरी,2026ः चंडीगढ़ नगर निगम लोगों की समस्याएं जल्दी सुलझाने और जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए नई पहल कर रहा है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी आज नगर निगम में जनता दरबार लगाएंगे। यह जनता दरबार सेक्टर-17 स्थित नगर निगम भवन की पांचवीं मंजिल पर मेयर कार्यालय में सुबह 11 बजे होगा।सौरभ जोशी शहर के पहले मेयर होंगे, जिन्होंने जनता दरबार की शुरुआत की है। हालांकि, इससे पहले चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया द्वारा भी जनता दरबार लगाया जा रहा है।
मेयर सौरभ जोशी ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य नगर निगम से जुड़ी सेवाओं में पारदर्शिता लाना और नागरिकों की समस्याओं को बिना किसी देरी के हल करना है। ‘सिटी ब्यूटीफुल’ के निवासी सफाई, सड़क, पानी, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग सहित नगर निगम से संबंधित किसी भी मुद्दे को सीधे रख सकेंगे।
जनता दरबार में नगर निगम आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इससे शिकायतों की तुरंत समीक्षा होगी और कई मामलों में मौके पर ही निर्णय लेकर समाधान की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →