पंजाब में फिर बिगड़ेगा मौसम, धूल भरी आंधी के साथ होगी बारिश
चंडीगढ़ः पंजाब और चंडीगढ़ में आज मौसम ड्राई रहेगा। किसी तरह की बारिश या हीट वेव की चेतावनी नहीं है। लेकिन कल यानी 11 मई से अगले तीन दिन मौसम बदलने वाला है। इस दौरान धूल भरी आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलेंगी और कुछ स्थानों पर बारिश होगी।इस संबंध में मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्वी बिहार के आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। वहीं, मध्य पाकिस्तान और पंजाब-राजस्थान से जुड़ा ऊपरी हवा का सिस्टम अब राजस्थान के मध्य भागों तक पहुंच गया है। इसके अलावा 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, राज्य में 11 से 14 मई के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं।अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।वहीं, 11 से 14 मई के बीच राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →