Himachal Accident: ट्रक खाई में गिरने से नीचे दबा ड्राइवर; मौके पर चली गई जान, शिमला के सुन्नी में पेश आया दर्दनाक सड़क हादसा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 11 मई 2026 : राजधानी शिमला के सुन्नी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय ट्रक चालक की जान चली गई। रात के अंधेरे में बड़मैनधार के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 1:30 बजे थाना सुन्नी को सूचना मिली कि ट्रक सड़क से नीचे गिर गया है और चालक उसके नीचे दबा हुआ है। सूचना मिलते ही एएसआई बृजलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य बेहद भयावह था।
जांच में जुटी पुलिस
मृतक की पहचान रविंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। वह शिमला जिला के शोघी का रहने वाला था। पुलिस को उसकी पहचान ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड से हुई, जो उसकी पैंट की जेब से मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →