हिमाचल में चिट्टा तस्कर पर फिर बड़ा एक्शन, यहां 48 लाख की संपत्ति जब्त, देखें खबर
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला : 30 अक्टूबर 2026 : हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। ताजा मामले में पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत शमशेर सिंह पुत्र गुरदियाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर 9, डमटाल की कुल 48 लाख 30 हजार 997 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक नई दिल्ली की ओर से 22 अक्टूबर 2026 को NDPS एक्ट के तहत आदेश जारी किया गया था। इस आदेश के तहत गांव चन्नी में स्थित आरोपी का दो मंजिला मकान, जिसकी कीमत 45 लाख 90 हजार 557 रुपये आंकी गई है, जबकि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित 2 लाख 40 हजार 440 रुपये की नकदी भी जब्त की गई है। पुलिस थाना डमटाल की ओर से 29 अक्टूबर को आरोपी को NDPS एक्ट की धारा 68-U के तहत आदेश तामील करवाया गया है। साथ ही जब्त संपत्ति का कब्जा संबंधित विभाग को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
नूरपुर पुलिस का कहना है कि एंटी चिट्टा अभियान के तहत अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्तियों को भी कानून के दायरे में लाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →