Breaking : हरियाणा सरकार ने Officiating DGP की नियुक्ति की
Ramesh Goyat
चंडीगढ़, 14 अक्टूबर, 2025 : वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में बढ़ते दबाव के बीच हरियाणा सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। सरकार ने पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर को तत्काल प्रभाव से छुट्टी पर भेज दिया है। उनकी जगह IPS अधिकारी ओम प्रकाश सिंह को हरियाणा का Officiating DGP नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पीड़ित परिवार से मुलाकात करने चंडीगढ़ आ रहे हैं। पूरन कुमार के परिवार ने सुसाइड नोट में नाम आने के बाद DGP कपूर को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। इसी मांग को लेकर परिवार ने 8 दिनों से पूरन कुमार का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है, जिससे उनका अंतिम संस्कार रुका हुआ है।
सरकार के आदेश में क्या है?
हरियाणा सरकार के गृह विभाग द्वारा 14 अक्टूबर, 2025 को जारी आदेश के अनुसार DGP श्री शत्रुजीत सिंह कपूर (IPS, 1990 बैच) की छुट्टी की अवधि के दौरान, DGP हरियाणा का अतिरिक्त कार्यभार श्री ओम प्रकाश सिंह (IPS, 1992 बैच) संभालेंगे।
मामले में अब तक की बड़ी बातें
1. सुसाइड और आरोप: 2001 बैच के IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को अपने आवास पर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने अपने 8 पेज के सुसाइड नोट में DGP शत्रुजीत कपूर, पूर्व रोहतक SP नरेंद्र बिजारनिया और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों पर जाति-आधारित उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे।
2. परिवार का संघर्ष: पूरन कुमार की पत्नी, IAS अधिकारी अमनीत पी कुमार, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हैं। उन्होंने कहा है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगी।
3. सरकार पर दबाव: महापंचायत और विपक्षी दलों के लगातार दबाव के बाद सरकार ने यह कार्रवाई की है। इससे पहले रोहतक के SP नरेंद्र बिजारनिया को भी पद से हटा दिया गया था।
आगे क्या?
DGP को छुट्टी पर भेजे जाने के सरकार के इस कदम को तनाव कम करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें पीड़ित परिवार के अगले कदम पर टिकी हैं कि क्या वे इस कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए तैयार होते हैं या नहीं। वहीं, राहुल गांधी और चिराग पासवान के दौरे से इस मामले पर राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की उम्मीद है।

Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →