Shimla: Virbhadra Singh's Statue : सोनिया और प्रियंका गांधी रिज मैदान पर पहुंचीं, पूर्व CM वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण, रिज पर उमड़ा लोगों का हुजूम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 13 अक्टूबर 2025 :
आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और मौजूदा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को शिमला पहुंचीं। सोमवार को करीब 11.30 के करीब उन्होंने स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
अनाडेल हेलीपैड पर सोनिया का स्वागत करने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मंत्री विक्रमादित्य सिंह पहुंचे। सोनिया चंडीगढ़ से हेलीकॉप्टर से अनाडेल हेलीपैड पहुंचीं, जबकि प्रियंका चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से आईं। सोनिया बेटी प्रियंका के साथ उनके घर छराबड़ा चली गईं।
हिमाचल कांग्रेस के पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ला भी रविवार देर शाम शिमला पहुंच गए। सोमवार सुबह सोनिया और प्रियंका रिज मैदान पर पहुंचेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण और श्रद्धांजलि के साथ हुई। इसके बाद उनके जीवन परिचय को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
वीआईपी मूवमेंट के चलते रविवार को राज्य गुप्तचर विभाग और सीआरपीएफ के सुरक्षा अधिकारी दिन भर रिज मैदान से लेकर छराबड़ा तक सुरक्षा का जायजा लेते रहे। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मंच पर कांग्रेसी, कई दिग्गज शिमला पहुंचे
छह बार के मुख्यमंत्री, 9 बार के विधायक और 5 बार सांसद रहे वीरभद्र सिंह को सोमवार को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेसी एक मंच पर मौजूद हैं। कई दिग्गज शिमला पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम में कांग्रेसी एकजुटता का संदेश भी देंगे। इस साल के अंत में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रम में 10,000 लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। रिज मैदान पर 7,000 कुर्सियां लगाई गई हैं। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन एक माह से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है। मुख्यमंत्री भी आयोजन की तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वीरभद्र सिंह के चाहने वाले ढोल-नगाड़ों के साथ रिज मैदान पर पहुंचेंगे। नगर निगम के मेयर और पार्षदों के अलावा रामपुर, रोहड़ू, शिमला ग्रामीण और ठियोग विधानसभा क्षेत्र को कार्यक्रम में लोगों को पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया है।
कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों के लिए धाम की भी व्यवस्था की जा रही है। इस साल जून माह में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा रिज मैदान के दौलत सिंह पार्क में स्थापित कर दी गई थी। अनावरण के लिए सबसे पहले वीरभद्र सिंह के जन्मदिन 23 जून का दिन तय किया गया, लेकिन कार्यक्रम स्थगित हो गया। इसके बाद 15 जुलाई को कार्यक्रम तय हुआ, लेकिन आपदा के चलते कार्यक्रम फिर स्थगित हो गया था।
1962 में बने संसद, कुल 23 चुनाव लड़े
वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे। 1962 में पहली बार लोकसभा सांसद बने और उन्होंने 13 चुनाव लड़े। उन्होंने केंद्र में इस्पात, उद्योग, पर्यटन और लघु उद्योग मंत्री के रूप में भी कार्य किया। 47 वर्षों के राजनीतिक जीवन में वह नौ बार विधायक और पांच बार सांसद रहे। आधुनिक हिमाचल के निर्माता कहे जाने वाले वीरभद्र सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 8 जुलाई 2021 को उन्होंने शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →