FHRAI अधिवेशन में गूंजा हिमाचल का पर्यटन मॉडल, सीएम सुक्खू ने बताई देवभूमि की खासियतें
बाबूशाही नेटवर्क
वाराणसी/शिमला : 23 अगस्त 2026 : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (FHRAI) के 56वें अधिवेशन में हिमाचल प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को प्रमुखता से सामने रखा गया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अधिवेशन में हिस्सा लेते हुए हिमाचल की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बड़ी संभावना बताया।
‘अनंत काशी’ की थीम पर आयोजित अधिवेशन में भारत की आध्यात्मिकता, संस्कृति, खान-पान, हस्तशिल्प और आतिथ्य को आधुनिक पर्यटन की संभावनाओं से जोड़ने पर मंथन किया गया। इस दौरान देश के पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र को नई दिशा देने और बदलती पर्यटन आवश्यकताओं के अनुरूप नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। देवभूमि की समृद्ध संस्कृति, हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता, हिमाचली धाम और सिड्डू जैसे पारंपरिक व्यंजन, लोक कला, हस्तशिल्प और प्रदेश की आत्मीय अतिथि-सत्कार की परंपरा हिमाचल को अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान देती है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में नए आयामों की तलाश के बीच हिमाचल के पास विकास के बड़े अवसर हैं। प्रदेश अपनी प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के माध्यम से देश-दुनिया के पर्यटकों को समृद्ध और अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करने की क्षमता रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मंच हिमाचल के पर्यटन उत्पादों और स्थानीय संस्कृति को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के साथ-साथ प्रदेश में पर्यटन निवेश और नई संभावनाओं को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →