नालागढ़ में पंजाब बंद का असर, एचआरटीसी के 20 रूट ठप, यात्रियों को झेलनी पड़ी दिक्कतें
बाबूशाही ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन) 22 अगस्त 2026 : पंजाब बंद का असर शुक्रवार को हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में भी साफ दिखाई दिया। पंजाब में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए जाम के कारण एचआरटीसी के नालागढ़ डिपो के 20 रूट प्रभावित रहे, जबकि पंजाब की ओर जाने और वहां से लौटने वाले कई ट्रक भी रास्ते में फंसे रहे। बस सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। बंद के दौरान रोपड़ मार्ग पर घनौली, श्री कीरतपुर साहिब मार्ग पर बुंगा साहिब और चंडीगढ़ मार्ग पर सिसवां टी प्वाइंट पर जाम लगाया था।
इसका सीधा असर नालागढ़ से चंडीगढ़, ऊना, रोपड़, श्रीकीरतपुर साहिब, मलेरकोटला और पटियाला की ओर चलने वाली बस सेवाओं पर पड़ा। कई बसें जाम में फंसी रहीं, जबकि कुछ ट्रिप संचालित ही नहीं हो सके। नालागढ़ डिपो के प्रतिदिन करीब 61 ट्रिप पंजाब से होकर विभिन्न गंतव्यों तक आते-जाते हैं। एचआरटीसी नालागढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिल अग्निहोत्री ने बताया कि पंजाब बंद के कारण डिपो के करीब 20 ट्रिप प्रभावित हुए। दोपहर दो बजे के बाद यातायात सुचारू होने पर बसों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।
ट्रक यूनियन की गाड़ियां भी रास्ते में फंसी
पंजाब बंद का असर एशिया की बड़ी ट्रक यूनियनों में शुमार दि ट्रक यूनियन नालागढ़ के वाहनों पर भी पड़ा। यूनियन के कई ट्रक घनौली, बुंगा साहिब और सिसवां टी.प्वाइंट के आसपास लगे जाम में फंसे रहे। इससे पंजाब की ओर जाने और वहां से बीबीएन आने वाले मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। ट्रक यूनियन के प्रधान चौधरी विद्या रतन ने कहा कि बंद के चलते बाहर से आने वाली कई गाडिय़ां जाम में फंस गई थीं। दोपहर बाद रास्ते खुलने पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →