Himachal Firing Case : नालागढ़ फायरिंग मामले में बद्दी पुलिस को बड़ी कामयाबी, चार आरोपी गिरफ्तार
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने ऑपरेशन को किया लीड, दो मुख्य आरोपियों सहित चार को बिलोंगी बैरियर मोहाली के पास से दबोचा
स्कॉर्पियो गाड़ी, एक जिगाना पिस्टल, चार कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद
बाबूशाही ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। 30 अक्टूबर 2026 : नालागढ़ क्षेत्र में पिछले दिनों हुई फायरिंग की तीन अलग-अलग घटनाओं में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बद्दी पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए चलाए गए विशेष ऑपरेशन को एसपी बद्दी विनोद धीमान ने खुद लीड किया। एसपी की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को बिलोंगी बैरियर, मोहाली के पास से गिरफ्तार किया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नालागढ़ क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की तीन घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में दो आरोपियों ने नकाब पहनकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर फायरिंग की थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया था, जो लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम का नेतृत्व वह स्वयं कर रहे थे। इसी टीम ने पिछले कल बिलोंगी बैरियर मोहाली के पास दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी आनंदपुर साहिब, उम्र 34 वर्ष, अमृतपाल सिंह पुत्र त्रिलोचन सिंह निवासी रोपड़, उम्र 32 वर्ष, उपकार सिंह पुत्र मनजीत सिंह निवासी कोटला पावर हाउस, आनंदपुर साहिब, उम्र 29 वर्ष तथा राजेंद्र कुमार पुत्र रामलाल निवासी घुमारवीं, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि देवेंद्र सिंह तीनों फायरिंग की घटनाओं में पिस्टल से गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक जिगाना पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी विनोद धीमान ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन घटनाओं में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा फायरिंग के पीछे क्या पूरा नेटवर्क काम कर रहा था। उन्होंने बद्दी पुलिस की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए बेहतरीन कार्य किया है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नालागढ़ और बद्दी क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने तथा फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →