Himachal Politics : सुंदर ठाकुर की ताजपोशी पर फिर संकट; हिमाचल कैबिनेट में 5 ठाकुर, दिल्ली में SC-OBC फॉर्मूले ने बढ़ाया पेंच
शशिभूषण पुरोहित
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल के बीच कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की मंत्री पद की दावेदारी एक बार फिर चर्चा में है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाए जाने के संकेत पहले भी मिलते रहे हैं, लेकिन अब दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर सामाजिक समीकरणों को लेकर मंथन की चर्चा ने इस दावेदारी को फिर पेचीदा बना दिया है।
सियासी गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस कैबिनेट में एक और ठाकुर चेहरे को जगह देगी या फिर SC-OBC प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी?
कैबिनेट का मौजूदा जातीय गणित क्या कहता है?
मौजूदा 11 सदस्यीय मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत पांच मंत्री राजपूत/ठाकुर समुदाय से हैं। इनमें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह शामिल हैं।
इसके बाद ब्राह्मण समुदाय के दो चेहरे हैं। जिनमें उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और मंत्री राजेश धर्माणी शामिल हैं। वहीं SC समुदाय के दो मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल और यादविंदर गोमा हैं। OBC से चंद्र कुमार और ST से जगत सिंह नेगी कैबिनेट में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
मौजूदा कैबिनेट का सामाजिक समीकरण
ठाकुर/राजपूत : 5
ब्राह्मण : 2
SC : 2
OBC : 1
ST : 1
यही आंकड़ा अब सुंदर ठाकुर की दावेदारी के सामने सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल खड़ा कर रहा है। यदि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है तो ठाकुर समुदाय से मंत्रियों की संख्या पांच से बढ़कर छह हो जाएगी। ऐसे में कांग्रेस के भीतर यह तर्क जोर पकड़ सकता है कि कैबिनेट में जिन सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम है, उन्हें और जगह दी जाए। खासकर OBC के लिए एक और तथा SC वर्ग के लिए प्रतिनिधित्व बढ़ाने की मांग इस पूरे समीकरण को प्रभावित कर सकती है।
सुंदर ठाकुर के लिए क्षेत्रीय समीकरण भी मजबूत
हालांकि सुंदर सिंह ठाकुर की दावेदारी केवल जातीय समीकरण तक सीमित नहीं है। वह कुल्लू से आते हैं और मंत्रिमंडल में कुल्लू जिले का प्रतिनिधित्व भी फिलहाल बड़ा सवाल है। ऐसे में उनके पक्ष में क्षेत्रीय संतुलन और कुल्लू को प्रतिनिधित्व देने का तर्क मजबूत है। यही वजह है कि सुंदर ठाकुर का नाम पूरी तरह दौड़ से बाहर नहीं माना जा सकता। लेकिन हाईकमान यदि सामाजिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देता है तो उनकी राह फिर मुश्किल हो सकती है।
SC-OBC कार्ड चला तो कौन-कौन दावेदार?
यदि कांग्रेस हाईकमान ठाकुर चेहरे के बजाय SC या OBC प्रतिनिधित्व बढ़ाने का फैसला करता है तो कई विधायकों की दावेदारी मजबूत हो सकती है। ऐसे में पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल और ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन जैसे नामों पर भी चर्चा होना स्वाभाविक है।
कैबिनेट विस्तार से पहले दिल्ली में ‘जातीय गणित’ का टेस्ट
कांग्रेस के लिए कैबिनेट विस्तार अब केवल खाली पद भरने का मामला नहीं रह गया है। विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को क्षेत्रीय, जातीय और राजनीतिक संतुलन साधना होगा।
एक तरफ कुल्लू से सुंदर ठाकुर की मजबूत दावेदारी है, तो दूसरी तरफ मौजूदा कैबिनेट में पांच ठाकुर चेहरों का आंकड़ा हाईकमान के सामने है। ऐसे में अगर दिल्ली से ‘SC-OBC को ज्यादा हिस्सेदारी’ का संदेश आता है, तो सुंदर ठाकुर की मंत्री पद की राह एक बार फिर लंबी हो सकती है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुक्खू की पसंद चलेगी या दिल्ली का सामाजिक समीकरण? अगर दिल्ली का फॉर्मूला भारी पड़ा तो सुंदर ठाकुर की ताजपोशी एक बार फिर खटाई में पड़ सकती है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →