Himachal Breaking: मणिमहेश यात्रा कैलास यात्रा में दो श्रद्धालु युवकों की मौत, खाई बाइक गिरने से हुआ हादसा
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा: 13 सितंबर 2026 : मणिमहेश कैलाश की यात्रा पर निकले दो युवकों की चंबा जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के पास बीती रात उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रात करीब आठ बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल नंबर PB-35U-2347 पर सवार होकर मणिमहेश यात्रा के लिए जा रहे थे। रात करीब आठ बजे के बाद जब वे दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के समीप पहुंचे, तो अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी के जवान और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब 200 मीटर गहरी खाई में रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
पठानकोट के रहने वाले थे दोनों युवक
मृतकों की पहचान ज्योति निवासी पठानकोट और अनिल कुमार पुत्र हरबंस निवासी पंगोली, पठानकोट के रूप में हुई है। दोनों मणिमहेश यात्रा के लिए निकले थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। रेस्क्यू के बाद दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बाइक के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →