Himachal Pradesh: PTC डरोह में महिला प्रशिक्षु से छेड़छाड़; डीआईजी सौम्या सांबशिवन का एक्शन, आरोपी इंस्ट्रक्टर सस्पेंड
बाबूशाही ब्यूरो
पालमपुर, 25 फरवरी 2026 :
हिमाचल प्रदेश के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर डरोह में अनुशासन को ताक पर रखकर एक महिला प्रशिक्षु के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में डीआईजी (नॉर्दर्न रेंज) सौम्या सांबशिवन ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी पुलिस इंस्ट्रक्टर को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल विभाग में हडक़ंप मचा दिया है, बल्कि प्रशिक्षु महिला पुलिस कर्मियों के बीच सुरक्षा का भाव भी सुदृढ़ किया है। घटना के अनुसार, पीटीसी डरोह में प्रशिक्षण ले रही एक नई रिक्रूट महिला सिपाही ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संस्थान का ही एक इंस्ट्रक्टर उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था।
डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने शिकायत मिलते ही संवेदनशीलता दिखाते हुए मामले की गहनता से जांच के लिए पुलिस शिकायत समिति को जांच का जिम्मा सौंपा है। इतना ही नहीं, आरोपों की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अधिकारी के खिलाफ सस्पेंशन और विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए।
डीआईजी की कार्रवाई से महिला आयोग खुश
इस साहसिक कदम पर हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर 2010 बैच की आईपीएस अधिकारी सौम्या सांबशिवन की तारीफ करते हुए कहा कि सही वक्त पर ली गई इस एक्शन ने समाज में एक मजबूत संदेश दिया है। उन्होंने डीआईजी की कार्यशैली को सराहा है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →