मोहाली: 50 हजार की रिश्वत मांगने के आरोप में सरपंच गिरफ्तार; विजिलेंस ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
मोहाली/बनूड़, 25 Feb 2026 : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गांव देवीनगर (अभरावां) के सरपंच गुरचरण सिंह को गिरफ्तार किया है। सरपंच पर एक व्यक्ति से उसका जब्त ट्रैक्टर छुड़वाने के बदले रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप है। आरोपी के खिलाफ मोहाली रेंज के विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
ट्रैक्टर छुड़वाने के नाम पर मांगी थी रकम
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का ट्रैक्टर पुलिस ने जब्त किया था। इसे थाना बनूड़ से वापस दिलाने के नाम पर सरपंच गुरचरण सिंह ने पहले 1 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 50 हजार रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने सरपंच के साथ हुई इस पूरी बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया और मुख्यमंत्री की 'भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन' पर शिकायत दर्ज करा दी।
चर्चा का विषय बनी गिरफ्तारी
मोहाली क्षेत्र में किसी नवनिर्वाचित सरपंच की इस तरह गिरफ्तारी का यह पहला मामला बताया जा रहा है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्डिंग और सबूतों के आधार पर कार्रवाई की गई है और मामले की गहनता से जांच जारी है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →