Akhilesh Yadav in Himachal: पूर्व CM अखिलेश यादव हिमाचल पहुंचे; निजी दौरे पर मरयोग स्थित बद्रिका आश्रम पहुंचे समाजवादी नेता
बाबूशाही ब्यूरो
नाहन, 25 फरवरी 2026 :
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इन दिनों निजी प्रवास पर हिमाचल प्रदेश में हैं। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह जिला सिरमौर के मरयोग स्थित बद्रिका आश्रम पहुंचे।
जानकारी के अनुसार उनकी पत्नी डिंपल यादव और बेटी पिछले एक सप्ताह से आश्रम में ठहरी हुई हैं। यह दौरा पूरी तरह निजी बताया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री होने के कारण उन्हें नियमानुसार सुरक्षा प्रदान की गई है। केवल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हिमाचल पुलिस से अनुरोध किया गया था। डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी स्वयं सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं।
इससे पहले वह सोमवार शाम कसौली में रुके थे और वहीं रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह आश्रम के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्सुकता देखी गई, हालांकि कार्यक्रम को सार्वजनिक नहीं किया गया।
हिमाचल प्रवास के दौरान उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रदेश की खूबसूरत वादियों व सड़कों की खस्ता हालत का एक वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि जब ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ बन सकती है, तो आश्रमों जोड़ने के लिए ‘सनातन सड़क योजना’ क्यों नहीं बनाई जा सकती।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इससे धर्म का मार्ग और अधिक सुलभ होगा तथा सच्चे धर्मप्रधान लोगों को सत्संग का भी अवसर मिलेगा। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह राजगढ़ उपमंडल की करगाणू पंचायत के शलामू स्थित बद्रिका आश्रम पहुंचे। वह कसौली से सीधे आश्रम पहुंचे, जहां गिरि गंगा नदी के तट पर स्थित पवित्र स्थल में वह रुकेंगे। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →