Himachal Pradesh: 296 पंचायतों की बदलेगी तस्वीर; एक हज़ार 10 करोड़ के जायका प्रोजेक्ट के फेस-टू का आगाज
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला, 25 फरवरी 2026 :
जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी जायका का हिमाचल प्रदेश में एक हजार दस करोड़ के कृषि प्रोजेक्ट के फेस-दो का शुभारंभ मंगलवार को धर्मशाला से कर दिया गया।
दूसरे चरण के तहत पहली राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन धर्मशाला में कुनाल पत्थरी मंदिर के पास स्थित निजी होटल में किया गया। एक हज़ार करोड़ से अधिक जायका प्रोजेक्ट से पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों के 296 पंचायतों की तस्वीर बदलेगी। इसमें कृषि-बागबानी को सिंचाई के नए आयाम स्थापित होने के साथ ही वैज्ञानिक तरीके से खेती पर कार्य किया जा रहा है।
इसके तहत पहले चरण में अब तक 321 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। जबकि अब दूसरे चरण में ज़मीनी स्तर पर परियोजना का महत्त्वपूर्ण पहलू देखने को मिलेगी, जिससे किसानों की आर्थिकी में भी बड़ा सुधार आएगा। जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना द्वारा ‘सतत कृषि एवं कृषि-व्यवसाय विकास’ विषय पर जायका सहायता प्राप्त कृषि परियोजनाओं की प्रथम राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बतौर मुख्यातिथि किया। इस कार्यशाला में देशभर से 300 से अधिक विशेषज्ञ एवं प्रतिनिधि भाग लेंगे।
30 हजार परिवारों का लक्ष्य
परियोजना के अंतर्गत 296 उप-परियोजनाओं के माध्यम से आठ हज़ार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई प्रणालियों का निर्माण कर लगभग 30 हजार परिवारों को लाभान्वित करने तथा लगभग सात हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसल विविधीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →