चंडीगढ़ मौसम अपडेट: हरियाणा के 7 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट, 5 जिलों में बारिश के आसार
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 24 मई। हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट बदलता नजर आ रहा है। शनिवार, 24 मई को मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है, वहीं पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश में आने वाले चार दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा।
हीटवेव से झुलसेंगे ये जिले:
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
इन जिलों में मिलेगी राहत:
वहीं, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
सिरसा सबसे गर्म जिला:
प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को औसतन तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चरखी दादरी में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और करनाल में 35.4 डिग्री दर्ज किया गया।
26 मई तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील:
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आगामी 26 मई तक प्रदेश में मौसम यूं ही बदलाव के दौर से गुजरता रहेगा। कहीं तेज धूप तो कहीं बारिश लोगों को उलझन में डाल सकती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →