पंजाब में बढ़ेगा गर्मी का कहर, 9 जून से हीटवेव का अलर्ट
चंडीगढ़, 07 जून, 2025ः पंजाब में तापमान एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो गया है।मौसम विभाग ने 9 जून से राज्य में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ हीट-वेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भटिंडा में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस सीजन का सर्वाधिक तापमान है।पंजाब के विभिन्न शहरों में दर्ज तापमान की स्थिति गंभीर है। चंडीगढ़ में 38.0 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 39.2 डिग्री सेल्सियस, और लुधियाना में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। गुरदासपुर में 37.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 38.4 डिग्री सेल्सियस, और पठानकोट में 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है।
मौसम विभाग द्वारा जारी 5-दिवसीय चेतावनी के अनुसार, 7 और 8 जून को राज्य में कोई विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन 9 जून से स्थिति गंभीर होने की संभावना है। 9 जून 2025 से पंजाब के दक्षिणी जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जो "सतर्क रहें" की श्रेणी में आता है।
10 जून तक यह चेतावनी राज्य के और भी अधिक हिस्सों में फैलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में हीट वेव की स्थिति अधिक गंभीर हो सकती है, जहां तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →