Himachal in Railway Budget: रेल बजट में हिमाचल को 2911 करोड़; रेल मंत्री वैष्णव बोले, पूर्व में केंद्र में रही कांग्रेस सरकार से 27 गुना ज्यादा
बाबूशाही ब्यूरो
नई दिल्ली/शिमला, 03 फरवरी 2026 : केंद्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश को 2911 करोड़ रुपए दिए गए हैं। यह राशि पूर्व में केंद्र में रही कांग्रेस सरकार द्वारा दी गई राशि से 27 गुना अधिक है। यह जानकारी सोमवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि हिमाचल में 17711 करोड़ के रेल प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जिससे राज्य में न केवल रेल नेटवर्क बेहतर होगा, बल्कि आम लोगों को भी सफर में आसानी रहेगी। हिमाचल प्रदेश के चार स्टेशनों को अमृत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। इस पर 46 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जबकि बैजनाथ-पपरोला तथा अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए राज्य में एक जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस भी चलाई जा रही हैं।
रेल नेटवर्क के विस्तार और विद्युतीकरण का उल्लेख करते हुए केंद्रिय मंत्री ने बताया कि राज्य में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। वहीं 2014 से अब तक करीब 16 किलोमीटर की रेल लाइनों का निर्माण भी हुआ है। इसके अलावा 26 फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनाए गए हैं। राज्य सरकार की ओर से रेल नेटवर्क के विस्तार में पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे परियोजनाओं को जल्द पूरा करवाने में रेल मंत्रालय का सहयोग करें। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →