Weather Alert : पंजाब-चंडीगढ़ में गर्मी की दस्तक: फरीदकोट में पारा 27 पार
चंडीगढ़, 12 फरवरी 2026
पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले कुछ दिनों से खिल रही तेज धूप ने ठंड के तेवर ढीले कर दिए हैं। हालांकि रात के समय अभी भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 16 और 17 फरवरी को पंजाब के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की वृद्धि हुई है, जो अब सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। फरीदकोट में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ और बारिश का रूट
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार, दो नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) सक्रिय हो रहे हैं। पहला 13 फरवरी और दूसरा 16 फरवरी से असर दिखाएगा। बारिश का सिलसिला अमृतसर से शुरू होकर तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा और लुधियाना होते हुए पटियाला तक पहुंचेगा। यह 'पासिंग रेन' होगी, यानी रुक-रुक कर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →