भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ 'भारत बंद': पंजाब में चक्का जाम की तैयारी
चंडीगढ़, 12 फरवरी 2026 : भारत और अमेरिका के बीच हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Trade Deal) के विरोध में आज विभिन्न ट्रेड यूनियनों, किसान संगठनों और कर्मचारी यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। पंजाब में इस बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है, जिससे बिजली, परिवहन और बैंकिंग जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।
PSPCL का सख्त रुख
हड़ताल को देखते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने अपने कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी जारी की है। मैनेजमेंट ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल में शामिल होने वालों पर 'नो वर्क, नो पे' नियम लागू होगा। यदि कोई कर्मचारी मात्र 2 घंटे के लिए भी गायब रहता है, तो उसका पूरे दिन का वेतन काट लिया जाएगा। इसके अलावा, प्रोबेशन और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मियों को सीधे बर्खास्त करने और रिटायरमेंट के नजदीक वाले कर्मियों के पेंशन लाभ रोकने की धमकी दी गई है।
विपक्षी दलों का समर्थन
इस हड़ताल को पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस का खुला समर्थन मिला है। 'आप' ने अपने कार्यकर्ताओं को बंद में सहयोग करने को कहा है, वहीं कांग्रेस ने भी देशव्यापी स्तर पर इस विरोध का समर्थन किया है।
कहां क्या होगा प्रभावित:
-
बैंकिंग: लुधियाना के भारत नगर चौक सहित विभिन्न शहरों में बैंक कर्मचारी रैलियां करेंगे, जिससे लेन-देन ठप रहेगा।
-
परिवहन: रोडवेज, PRTC और पनबस के पहिये थम सकते हैं।
-
शिक्षा: मिड-डे मील वर्करों की हड़ताल के कारण स्कूलों को खाना पकाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
चंडीगढ़: सेक्टर-17 के ब्रिज मार्केट में विशाल रैली का आयोजन किया गया है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →