Himachal Accident News : फोरलेन पर टैंकर ने मारी टक्कर, बस से जा टकराया शख्स, मौके पर गई जान; CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी : 04 जुलाई 2026 : मंडी जिले में पंडोह के समीप जागर पंचायत के पास फोरलेन सड़क पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसा पेश आया। यहां सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आ गया है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी जीवन लाल पुत्र कौल सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जीवन लाल शुक्रवार दोपहर किसी कार्य से पंचायत घर आया हुआ था। अपना काम निपटाने के बाद जब वह सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था, तभी एक तेज रफ्तार टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीवन लाल उछलकर सड़क के दूसरी तरफ खड़ी एक बस से जा टकराया। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अशोक पठानिया अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। चौकी प्रभारी अशोक पठानिया ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। मृतक जीवन लाल मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी और 3 बेटों को छोड़ गया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →