मणिमहेश यात्रा शुरू, रोजाना 5000 श्रद्धालु जाएंगे
भरमौरः भगवान भोले की पावन एवं पवित्र मणिमहेश यात्रा आधिकारिक रूप से आज से शुरू हो गई है। इसके लिए सोमवार शाम को ही बड़ी संख्या में देशभर से श्रद्धालु भरमौर पहुंच चुके हैं। बिना पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी। भरमौर से मणिमहेश के लिए रोजाना 5,000 श्रद्धालु भेजे जाएंगे।
हड़सर बेस कैंप में सभी श्रद्धालुओं की मेडिकल जांच की जाएगी। अस्वस्थ पाए जाने वाले श्रद्धालुओं या 75 वर्ष से अधिक उम्र के अस्वस्थ लोगों को आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी, क्योंकि यह यात्रा एशिया की कठिन धार्मिक यात्राओं में से एक है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेली टैक्सी सेवा भी शुरू हो गई है। इस बार चार हेली टैक्सियां श्रद्धालुओं को मणिमहेश ले जाने और वापस लाने का काम करेंगी। इनकी उड़ान मौसम पर निर्भर करेगी। खराब मौसम और धुंध की स्थिति में हेली टैक्सी सेवा रोकी जा सकती है। इसी तरह, श्रद्धालु घोड़े और खच्चरों से भी यह यात्रा कर सकेंगे।
भरमौर प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर, हड़सर, धनछो, सुंदरासी और गौरीकुंड में 5 जगह कैंप स्थापित किए हैं। इनमें मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के खाने-पीने के लिए लंगर और जगह-जगह रहने के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। इस यात्रा के लिए हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, जम्मू, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →