Himachal Cloud Burst: Flash Flood : पांगी घाटी में बादल फटा, उदीन और हिल्लु नालों में आई भीषण बाढ़; श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू, सड़क संपर्क बाधित, देखें वीडियो
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/चंबा : 20 जुलाई 2026 : चंबा जिले की जनजातीय पांगी घाटी में सोमवार दोपहर बाद बादल फटने से उदीन और हिल्लु नालों में अचानक भीषण बाढ़ आ गई, जिससे क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया। बाढ़ के कारण उदीन और हिल्लु गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जबकि कई स्थानों पर सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया।
घटना के समय उदीन गांव में कार्यरत VB–G RAM G कंपनी के श्रमिक बाढ़ की चपेट में फंस गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रजामंडल के सदस्यों ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
बादल फटने के बाद हिल्लु नाले में भी उफान आ गया, जिससे वहां बनी अस्थायी पुलिया और संपर्क मार्ग को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते दोनों गांवों के बीच आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पांगी प्रशासन हरकत में आ गया। नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम भी संपर्क मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई है। सड़क पर जमा मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत का कार्य लगातार जारी है।
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त मार्गों से दूर रहें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है। (SBP)
देखें वीडियो : https://drive.google.com/file/d/1qIoV5qiuY3jNp1ysHlhUy-znboDpuugL/view?usp=drivesdk
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →