जब बच्चों ने मुख्यमंत्री से कहा- सर, पीठ पर ऑटोग्राफ चाहिए; सुक्खू भी नहीं रोक पाए मुस्कान
बाबूशाही ब्यूरो
बड़सर (हमीरपुर): 15 अगस्त 2026 : 15 अगस्त के राज्य स्तरीय समारोह में देशभक्ति, तिरंगे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच बड़सर में एक ऐसा दिलचस्प पल भी देखने को मिला, जिसने माहौल को हल्का-फुल्का और यादगार बना दिया।
समारोह के समापन के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जब स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे तो बच्चों में उनके साथ फोटो खिंचवाने और ऑटोग्राफ लेने की होड़ मच गई। लेकिन बच्चों की एक फरमाइश ने मुख्यमंत्री को भी कुछ पल के लिए असमंजस में डाल दिया। बच्चों को मुख्यमंत्री का ऑटोग्राफ अपनी शर्ट की पीठ पर चाहिए था।
मुख्यमंत्री ने कहा- मम्मी-पापा नाराज हो जाएंगे!
बच्चों ने जब अपनी शर्ट की पिछली तरफ साइन करने की जिद की तो मुख्यमंत्री ने पहले हंसते हुए उन्हें समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कमीज के पीछे ऑटोग्राफ देने से उनके मम्मी-पापा नाराज हो सकते हैं। लेकिन बच्चे भी कहां मानने वाले थे। वे लगातार मुख्यमंत्री से पीठ पर ऑटोग्राफ देने का आग्रह करते रहे। आखिरकार बच्चों की जिद के आगे मुख्यमंत्री को झुकना पड़ा और उन्होंने उनकी शर्ट की पीठ पर ऑटोग्राफ दे दिए।
बच्चों के लिए ‘ऑटोग्राफ’ नहीं, यादगार लम्हा
मुख्यमंत्री का ऑटोग्राफ मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। सामान्य तौर पर बच्चे किसी किताब, कॉपी या डायरी पर अपने पसंदीदा व्यक्ति का हस्ताक्षर लेते हैं, लेकिन बड़सर में बच्चों ने इसे थोड़ा अलग अंदाज दे दिया।
किसी ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से लौटते वक्त मुख्यमंत्री का हस्ताक्षर शर्ट की पीठ पर लेकर जाना उनकी सबसे खास यादों में शामिल हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों की इस मासूम जिद को गंभीरता से लेने के बजाय सहजता दिखाई और उनकी खुशी के लिए उनकी मांग पूरी कर दी।
15 अगस्त के औपचारिक और देशभक्ति से भरे माहौल के बीच बच्चों और मुख्यमंत्री के बीच हुआ यह छोटा-सा संवाद समारोह का एक अनौपचारिक, मजेदार और यादगार पल बन गया। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →