Himachal Breaking : कुल्लू में मिड-डे मील के बाद हड़कंप: 30-40 बच्चे बीमार, खीर खाने के बाद बिगड़ी तबीयत; फूड प्वाइजनिंग की आशंका
बाबूशाही ब्यूरो
पतलीकूहल (कुल्लू) 18 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मिड-डे मील को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। पतलीकूहल क्षेत्र के बाड़ी प्राथमिक पाठशाला में मंगलवार को दोपहर का भोजन करने के बाद करीब 30 से 40 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों में उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने जैसे लक्षण सामने आए।
बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील में खीर परोसी गई थी। छुट्टी के बाद जब बच्चे स्कूल से घर लौटे तो कई की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ बच्चों की हालत स्कूल के बाहर ही खराब हो गई, जबकि कुछ घर पहुंचते ही अर्धमूर्छित होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे और बीमार बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी पतलीकूहल पहुंचाया। देखते ही देखते अस्पताल में बच्चों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुट गई।
डॉक्टरों ने जताई फूड प्वाइजनिंग की आशंका
सीएचसी में बच्चों की जांच करने वाले चिकित्सक डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार, बच्चों में दिखाई दे रहे लक्षण फूड प्वाइजनिंग की ओर इशारा कर रहे हैं। डॉक्टरों ने यह संभावना भी जताई कि खीर तैयार करने में इस्तेमाल हुआ पानी दूषित हो सकता है।
हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। चिकित्सकों के मुताबिक इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। बीएमओ नग्गर डॉ. कर्ण ने बताया कि सभी प्रभावित बच्चों का इलाज चल रहा है और मेडिकल टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी बच्चे की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
अस्पताल पहुंचे विधायक, अभिभावकों ने मांगी जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद मनाली विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।
एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने से अभिभावकों में चिंता है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मिड-डे मील में इस्तेमाल किए गए दूध, खाद्य सामग्री और पानी के नमूने लेकर उनकी जांच करवाई जाए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
फिलहाल प्रशासन की ओर से स्कूल में मिड-डे मील की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चों के बीमार पड़ने की वजह खीर थी, पानी था या भोजन से जुड़ा कोई अन्य कारण। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →