हिमाचल के प्रख्यात समाजसेवी संजय शर्मा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से अलंकृत, वंचित और शोषित वर्ग की आवाज की बुलंद
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 26 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश में गरीब, वंचित और शोषित वर्ग की आवाज को बुलंद करने वाले चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता संजय शर्मा ‘बड़का भाऊ’ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। देश के विभिन्न राज्यों में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्था आइकॉनिक पीस अवार्ड काउंसिल ने संजय शर्मा को उनके दीर्घकालीन सामाजिक संघर्ष, जनसेवा और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाने के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की है।
संस्था के अनुसार, उसका उद्देश्य सामाजिक न्याय, शांति और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करना है।
यह सम्मान दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया, जहां देशभर से सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली कई हस्तियों को सम्मानित किया गया।
संजय शर्मा समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके। उसी दिन कांगड़ा कोर्ट में एक पेशी होने के कारण उन्हें यह सम्मान ऑनलाइन प्रदान किया गया।
आयोजकों के अनुसार, संजय शर्मा का चयन उनके सामाजिक कार्यों और प्रोफाइल का सर्वे एवं अध्ययन करने के बाद किया गया। उनका संबंध कांगड़ा जिले से है और वह पिछले करीब तीन दशकों से समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं।
‘बड़का भाऊ’ के नाम से पहचान
संजय शर्मा ‘बड़का भाऊ’ के नाम से लोकप्रिय हैं। उन्होंने किसी राजनीतिक पद या सत्ता के सहारे अपनी पहचान बनाने के बजाय जनसमस्याओं के बीच रहकर सामाजिक कार्य को अपना आधार बनाया है। वह लंबे समय से उन वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं, जिनकी समस्याएं अक्सर व्यवस्था के शोर में दब जाती हैं।
मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किए जाने के बाद उनके सामाजिक कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की बात कही जा रही है। संस्था की वेबसाइट के अनुसार, आइकॉनिक पीस अवार्ड काउंसिल सामाजिक न्याय और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए योगदान देने वाले व्यक्तियों को विभिन्न सम्मान प्रदान करती है। संजय शर्मा ने कहा कि यह पुरस्कार उन सभी को समर्पित है, जिन्होंने इस लड़ाई में उनका साथ दिया। समाजसेवा का यह सफ़र अब और गति पकड़ेगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →