Himachal: पुलिस सुरक्षा के बदले 68 लाख का रिकवरी नोटिस, पूर्व डीजीपी कुंडू से उलझे कारोबारी निशांत शर्मा पर एक्शन
पुलिस मुख्यालय की कार्रवाई, 16 नवंबर, 2023 से दी जा रही थी सुरक्षा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 27 अगस्त 2026 :
हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने पालमपुर निवासी निशांत कुमार शर्मा को पुलिस सुरक्षा पर हुए सरकारी खर्च की राशि वापस जमा करवाने का नोटिस जारी किया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से बुधवार को जारी नोटिस में निशांत शर्मा को कुल 68 लाख 60 हजार 502 रुपए की राशि 15 दिन में जमा करवाने के लिए कहा गया है।
यह राशि सरकार और पुलिस की ओर से निशांत शर्मा और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए तैनात किए पुलिस जवानों पर खर्च हुई है। नोटिस के अनुसार निशांत कुमार शर्मा और उनके परिवार को 16 नवंबर, 2023 से हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से सुरक्षा उपलब्ध करवाई जा रही थी। सुरक्षा व्यवस्था जारी रहने के दौरान पुलिस जवानों की तैनाती पर होने वाले खर्च का मामला संयुक्त सुरक्षा समीक्षा समिति के समक्ष रखा गया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था और इस पर होने वाले सरकारी खर्च की समीक्षा के लिए पांच अगस्त, 2026 को संयुक्त सुरक्षा समीक्षा समिति की बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने की। समिति ने पूरे मामले पर विचार करने के बाद निर्णय लिया कि निशांत शर्मा और उनके परिवार को उपलब्ध करवाई गई पुलिस सुरक्षा पर राज्य सरकार द्वारा किए गए खर्च की राशि उनसे वसूल की जाए।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, स्टेट सीआईडी, हिमाचल प्रदेश की ओर से उन सभी पुलिस इकाइयों से सुरक्षा पर हुए खर्च का विस्तृत ब्योरा मांगा गया, जहां से निशांत शर्मा और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →