Himachal MLA Detected Swine flu Positive : लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा को स्वाइन फ्लू, अस्पताल से डिस्चार्ज; 7-10 दिन रहेंगी सेल्फ आइसोलेशन में
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/लाहौल-स्पीति : 02 सितंबर 2006 : लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गई हैं। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि, जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें अगले एक सप्ताह से 10 दिनों तक सेल्फ आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है।
विधायक अनुराधा राणा ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि सभी के प्यार, दुआओं और आशीर्वाद से अब उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। डॉक्टरों की सलाह के चलते वह आगामी कुछ दिनों तक किसी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात नहीं कर पाएंगी, लेकिन अपने जिले की समस्याओं को लेकर फोन के माध्यम से लगातार उपलब्ध रहेंगी।
विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हो पाने का जताया खेद
बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती रहने के कारण अनुराधा राणा इस बार विधानसभा सत्र में भी हिस्सा नहीं ले सकीं। उन्होंने इसके लिए खेद जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले विधानसभा सत्र में वह दुगुनी ऊर्जा के साथ सदन में भाग लेंगी।
मुख्यमंत्री से लेकर कार्यकर्ताओं ने जाना हाल
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत मंत्री, विधायक, संगठन के पदाधिकारी, चेयरमैन, निदेशक और कार्यकर्ता उनका कुशलक्षेम जानने पहुंचे। इसके अलावा बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने फोन, सोशल मीडिया और संदेशों के माध्यम से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अनुराधा राणा ने सभी शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि जिस तरह लोगों ने उन्हें अपनी दुआओं में शामिल किया, उसके लिए वह हृदय से आभारी हैं।
लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील
विधायक ने कहा कि इन दिनों देश और प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपना ध्यान रखने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →