पहाड़ ने लिखी शिक्षा की नई कहानी: 75 साल में 7.98% से 99.5% साक्षर हुआ हिमाचल, अब 28,480 लोगों पर नजर
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 08 सितंबर 2026 : कभी हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर महज 7.98 फीसदी थी। आज वही पहाड़ी राज्य 99.5 फीसदी साक्षरता के साथ देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। यानी करीब 75 साल में हिमाचल ने शिक्षा के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। हालांकि, लगभग पूर्ण साक्षरता के इस मुकाम के बावजूद प्रदेश में अभी 28,480 लोग निरक्षर हैं।
गोवा से मामूली अंतर, हिमाचल दूसरे नंबर पर
ताजा आंकड़ों के अनुसार गोवा 99.7 फीसदी साक्षरता के साथ देश में पहले स्थान पर है, जबकि हिमाचल 99.5 फीसदी के साथ दूसरे पायदान पर है। प्रदेश की 75.28 लाख आबादी में अब निरक्षरों की संख्या बेहद सीमित रह गई है।
दो साल में 66 हजार से ज्यादा लोगों ने सीखा पढ़ना-लिखना
साक्षरता की इस उपलब्धि में केंद्र के उल्लास कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2023-24 में किए गए सर्वेक्षण में प्रदेश में 94,930 निरक्षर लोगों की पहचान की गई थी। इसके बाद सितंबर 2024 से मार्च 2026 के बीच तीन चरणों में फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी असेसमेंट टेस्ट कराए गए।
लगातार प्रशिक्षण और मूल्यांकन के बाद दो वर्षों में 66 हजार से अधिक लोगों को साक्षर बनाया गया, जिससे निरक्षरों की संख्या घटकर 28,480 रह गई।
अब सिर्फ अक्षर ज्ञान नहीं, डिजिटल साक्षरता पर भी जोर
हिमाचल का अभियान केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं रहा। लोगों को डिजिटल भुगतान, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
शिक्षा विभाग के अनुसार स्कूलों का व्यापक नेटवर्क, बेटियों की शिक्षा पर जोर, पंचायतों की भागीदारी और स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान हिमाचल को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी बड़ी संख्या में महिलाओं को साक्षरता अभियान से जोड़ा गया।
अब अगला लक्ष्य, एक भी व्यक्ति निरक्षर न रहे
प्रदेश में अब शिक्षा विभाग की नजर उन 28,480 लोगों पर है, जो अभी भी अक्षर ज्ञान से दूर हैं। इनके लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य हिमाचल को सिर्फ आंकड़ों में नहीं, बल्कि वास्तविक अर्थों में पूर्ण साक्षर बनाना है।
1951 के 7.98 फीसदी से 2026 के 99.5 फीसदी तक का सफर बताता है कि पहाड़ों में शिक्षा की राह भले कठिन रही हो, लेकिन हिमाचल ने इसे विकास का सबसे मजबूत आधार बना दिया है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →