Shimla Zila Parishad Election: भाजपा अध्यक्ष बिंदल बोले : जिला परिषद शिमला में भाजपा की शानदार जीत ने दिया स्पष्ट संदेश, भाजपा सरकार आने वाली है
11 जिला परिषदों के चुनाव में 10 में भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जनता ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ दिया स्पष्ट जनमत
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 10 सितंबर 2026: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस विजय ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता का कांग्रेस सरकार से मोहभंग हो चुका है। प्रदेश में राजनीतिक वातावरण तेजी से बदल रहा है और जनता ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार जाने वाली है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने वाली है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कई मंत्रियों को जिम्मेदारी दी थी कि किसी भी तरह कांग्रेस का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाया जाए। इसके लिए सत्ता और प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और भारतीय जनता पार्टी ने दोनों महत्वपूर्ण पदों पर विजय का परचम लहराया।
उन्होंने कहा कि साम, दाम, दंड, भेद और सत्ता के दबाव के बावजूद भाजपा की जीत यह साबित करती है कि लोकतंत्र में अंततः जनमत और जनविश्वास ही सर्वोपरि होता है। भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने हर प्रकार के दबाव का मजबूती से सामना किया और संगठन की एकजुटता के बल पर विजय हासिल की।
प्रदेश की जनता कांग्रेस से आक्रोशित, जिला परिषद चुनावों में दिखा जनमत
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कुल 12 जिला परिषदों में से अब तक 11 जिला परिषदों के चुनाव संपन्न हो चुके हैं और इनमें से 10 जिला परिषदों में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बने हैं। यह परिणाम अपने आप में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति का स्पष्ट संकेत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के समय जनता से अनेक वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि आज कर्मचारी, युवा, महिलाएं, किसान-बागवान और आम नागरिक सरकार की कार्यप्रणाली से परेशान हैं और इसका असर अब चुनावी परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला परिषदों के चुनाव में कांग्रेस का लगातार पिछड़ना कोई सामान्य राजनीतिक घटना नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता द्वारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ दिया गया स्पष्ट संदेश है। 11 में से 10 जिला परिषदों में भाजपा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनना यह दर्शाता है कि प्रदेश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता की जीत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जिला शिमला के सभी भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों, निर्वाचित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को इस शानदार विजय के लिए हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर प्रकार के राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव का सामना करते हुए संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और एकजुटता का परिचय दिया है। जिला परिषद शिमला की यह विजय प्रत्येक उस कार्यकर्ता की विजय है जिसने संगठन के लिए दिन-रात मेहनत की और विपरीत परिस्थितियों में भी मजबूती से खड़ा रहा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला परिषदों के परिणाम आने वाले समय की राजनीतिक दिशा का संकेत दे रहे हैं। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दे रही है और आने वाले समय में यह जनसमर्थन और अधिक मजबूती के साथ भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखाई देगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →