अब एक रंग में दिखेंगे हिमाचल के सीबीएसई स्कूल, ड्रेस कोड भी फाइनल; सरकार ने जारी किए 80 करोड़
महिला शिक्षिकाओं की लाइलैक ड्रेस, पुरुष शिक्षकों की हल्की नीली यूनिफॉर्म; स्कूल भवनों पर दिखेगा ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंग
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 10 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूल अब अपनी अलग पहचान के साथ नजर आएंगे। प्रदेश सरकार ने इन स्कूलों के लिए विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, शिक्षकों के ड्रेस कोड और स्कूल भवनों की रंग योजना तय कर दी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई शिक्षा विभाग की बैठक में इन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
हरे रंग की थीम में होगी विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म
सरकार के फैसले के मुताबिक सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की विशिष्ट यूनिफॉर्म हरे रंग की थीम पर आधारित होगी। इसका उद्देश्य सभी सीबीएसई स्कूलों में एकरूपता के साथ उनकी अलग पहचान कायम करना है।
शिक्षकों की ड्रेस भी होगी अलग पहचान
सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए भी अलग ड्रेस कोड तय किया गया है।
महिला शिक्षिकाएं हल्के लाइलैक (बैंगनी) रंग की पोशाक पहनेंगी, जबकि
पुरुष शिक्षक हल्के नीले रंग की पैंट और शर्ट पहनेंगे।
शिक्षकों का पहनावा साफ-सुथरा, औपचारिक, शालीन और पेशेवर रखने के निर्देश हैं। ड्रेस के साथ न्यूनतम सहायक वस्तुओं के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। ड्यूटी के दौरान शिक्षकों के लिए पहचान पत्र पहनना अनिवार्य होगा।
स्कूल भवन भी एक ही रंग योजना में आएंगे
सरकार ने स्कूल भवनों के लिए भी रंग निर्धारित कर दिए हैं। सीबीएसई स्कूलों के भवनों को ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंगों में रंगा जाएगा। इससे प्रदेश के इन स्कूलों को एक समान और विशिष्ट स्वरूप देने की तैयारी है।
बच्चों को घर के पास मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई स्कूलों में आवश्यक आधारभूत ढांचे को विकसित करने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने सीबीएसई स्कूलों में आधारभूत ढांचे और अन्य सुविधाओं के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके अलावा 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त जारी किए जाएंगे।
सिर्फ ड्रेस नहीं, स्कूलों की बदलेगी पहचान
सरकार के इस फैसले को केवल ड्रेस कोड तक सीमित नहीं माना जा रहा है। यूनिफॉर्म से लेकर शिक्षकों की पोशाक और स्कूल भवनों की रंग योजना तक एकरूपता लाने से प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों को एक समान ब्रांडिंग और अलग पहचान देने की कोशिश की गई है। अब इन स्कूलों में प्रवेश करते ही विद्यार्थियों और शिक्षकों की वेशभूषा तथा भवनों का रंग एक साझा थीम में नजर आएगा।
बैठक में विधायक सुरेश कुमार, चंद्र शेखर और नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, सचिव शिक्षा राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →