Himachal: अस्पतालों में बढ़ेगी डॉक्टरों की ताकत, हिमाचल में 194 मेडिकल ऑफिसरों को नई तैनाती
पीजी पूरी करने वाले 118 विशेषज्ञ डॉक्टरों को पोस्टिंग, 76 मेडिकल ऑफिसर एक साल के लिए जॉब ट्रेनी; दूरदराज के अस्पतालों को भी मिलेंगे डॉक्टर
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रदेश में 194 मेडिकल ऑफिसरों की तैनाती और नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। इनमें पीजी पूरी कर चुके 118 विशेषज्ञ डॉक्टरों को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में पोस्टिंग दी गई है, जबकि 76 मेडिकल ऑफिसरों को एक साल के लिए जॉब ट्रेनी के तौर पर नियुक्त किया गया है।
पीजी पूरी की, अब अस्पतालों में संभालेंगे मोर्चा
नई तैनाती पाने वाले 118 डॉक्टरों में वे चिकित्सक शामिल हैं, जिन्होंने आईजीएमसी शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा, डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक से पीजी पाठ्यक्रम पूरा किया है।
इनमें कुछ डॉक्टर पहले से सीनियर रेजिडेंट के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। पीजी पूरी होने के बाद अब इन्हें विशेषज्ञ मेडिकल ऑफिसर के रूप में प्रदेश के अलग-अलग अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में तैनाती दी गई है।
एनेस्थीसिया से रेडियोलॉजी तक विशेषज्ञ डॉक्टर
नई तैनाती में एनेस्थीसिया, मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, ईएनटी, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और मनोचिकित्सा समेत कई विशेषज्ञताओं के डॉक्टर शामिल हैं।
इनकी तैनाती चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, ऊना, कुल्लू और लाहौल-स्पीति समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई है। इससे खासकर जिला और दूरदराज के स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
76 डॉक्टरों को एक साल की नौकरी, ₹60 हजार मासिक मानदेय
सरकार ने 76 मेडिकल ऑफिसरों को जॉब ट्रेनी के तौर पर नियुक्त किया है। इनकी नियुक्ति की अवधि एक साल होगी और इन्हें 60 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा।
सरकार ने अगस्त में जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसरों के मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की थी। इसके बाद मानदेय 60 हजार रुपये किया गया है।
नाहन से भरमौर और कुल्लू तक तैनाती
जॉब ट्रेनी डॉक्टरों को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तैनाती दी गई है। आदेश के अनुसार नाहन, करसोग, अंब, भरमौर, नालागढ़, धर्मशाला, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर, ऊना, कुल्लू, शिमला और चंबा समेत कई स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टर भेजे गए हैं। कुछ डॉक्टरों को जिला कार्यक्रम अधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
तुरंत ज्वाइन करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित डॉक्टरों को अपनी नई तैनाती वाली जगह पर तुरंत कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। ज्वाइनिंग के बाद इसकी रिपोर्ट निर्धारित माध्यम से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को भेजनी होगी।सरकार के इस फैसले से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलने की उम्मीद है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →