Himachal Public Greviences : राशन कम मिला या गैस-दवा में दिक्कत? अब सीधे होगी सुनवाई; हिमाचल के 19.42 लाख परिवारों को राहत
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 14 सितंबर 2026 : राशन कम मिला, घरेलू गैस की दिक्कत आई या सरकारी मेडिकल स्टोर से दवा को लेकर शिकायत है तो अब उपभोक्ताओं को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। हिमाचल राज्य नागरिक आपूर्ति निगम मुख्यालय में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है, जहां राशन, घरेलू गैस और दवाओं से जुड़ी शिकायतों की सीधे सुनवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने के साथ लोगों को आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उपभोक्ता अपनी शिकायतें निगम के ईमेल के माध्यम से भी भेज सकेंगे।
19.42 लाख परिवारों को मिलेगा सीधा फायदा
प्रदेश में करीब 19.42 लाख राशन कार्ड धारकों को हर माह सब्सिडी पर खाद्य तेल, नमक और दालें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा चावल, आटा और अन्य खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से की जा रही है।
54 गैस एजेंसियां, सुरक्षा जांच भी तेज
राज्य में नागरिक आपूर्ति निगम की 54 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू एलपीजी सुविधा उपलब्ध है। गैस कनेक्शनों की सुरक्षा जांच भी की जा रही है। 2,52,420 कनेक्शनों के लक्ष्य के मुकाबले 2,42,027 कनेक्शनों का निरीक्षण, यानी करीब 96 फीसदी जांच पूरी की जा चुकी है। इस दौरान उपभोक्ताओं को एलपीजी के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
47 मेडिकल स्टोरों पर सस्ती दवाएं
निगम के प्रदेश में संचालित 47 मेडिकल स्टोरों पर दवाइयां 10.25 से 50 फीसदी तक की छूट पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार का कहना है कि इन स्टोरों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान पर भी जोर दिया जा रहा है।
किसानों से सीधे खरीद, अब आटा भी सरकारी ब्रांड में
नागरिक आपूर्ति निगम किसानों से सीधे धान और गेहूं की खरीद भी कर रहा है। वर्ष 2025-26 में अक्तूबर से दिसंबर के बीच 21,127 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। वर्ष 2026-27 में अब तक 4,567.50 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत मक्की और गेहूं की खरीद कर इन्हें प्रसंस्कृत करने के बाद ‘हिम मक्की आटा’ और ‘हिम भोग गेहूं आटा’ के नाम से उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है।
आपदा में भी राशन और गैस की जिम्मेदारी
नागरिक आपूर्ति निगम आपदा के समय प्रभावित परिवारों को निशुल्क राशन और एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध करवाने का काम भी करता है। इसके अलावा सरकारी विभागों और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों को भी आवश्यक सामग्री की आपूर्ति निगम के माध्यम से की जाती है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →