बिग ब्रेकिंग- AGTF ने कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा मर्डर केस में जोधपुर से 2 शूटर्स को अरेस्ट किया
अबोहर/चंडीगढ़, 20 सितंबर 2026- पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अबोहर के मशहूर कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या के मामले में वॉन्टेड दो शूटरों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिल्ला और जसकरण के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी फाजिल्का जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दावा किया गया है कि ये दोनों गैंगस्टर 7 जुलाई 2025 को अबोहर में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की सनसनीखेज हत्या में मुख्य रूप से शामिल थे। इस हत्या की घटना के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही थीं। पंजाब पुलिस की AGTF टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ये दोनों शूटर राजस्थान के जोधपुर में छिपे हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए AGTF ने तुरंत जोधपुर की घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए कथित शूटर खतरनाक गैंग आरज़ू बिश्नोई से जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक, बिजनेसमैन संजय वर्मा की हत्या की साजिश गैंगस्टरों ने ही रची थी। घटना वाले दिन इन शूटरों ने बिजनेसमैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस हत्या से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की संभावना है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जाएगा कि घटना के बाद उन्हें किसने पनाह दी और कौन उन्हें पैसे दे रहा था? पंजाब पुलिस के बड़े अधिकारियों ने बताया कि राज्य से गैंगस्टर और अपराधियों को खत्म करने का अभियान जारी है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →