Himachal Pradesh: आपदा से नुकसान का जायजा लेने आ रही केंद्रीय टीम, 28 सितंबर से प्रदेश का दौरा
सरकार ने बरसात में 3200 करोड़ रुपए की क्षति का भेजा है मेमोरेंडम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 26 सितंबर 2026 : इस साल के मानसून में हुई क्षति का जायजा लेने गृह मंत्रालय का एक दल हिमाचल दौरे पर आ रहा है। यह अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल हिमाचल की ओर से भेजे गए क्षति के मेमोरेंडम के अनुसार फील्ड में हुए नुकसान को देखेगा। इसमें बादल फटने, फ्लैश फ्लड और भू-स्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में हालात का आकलन किया जाएगा।
केंद्रीय टीम के आने की सूचना गृह मंत्रालय के आपदा प्रबंधन प्रभाग ने राज्य सरकार को भेजी है। हिमाचल सरकार ने इस साल मानसून के सीजन में 3200 करोड़ के नुकसान का मेमोरेंडम भारत सरकार को भेजा था।
इसी क्षति के आकलन के लिए यह टीम अब आ रही है। इस टीम की रिपोर्ट पर राज्य सरकार को एनडीआरएफ के तहत मिलने वाले पैसे की राशि तय होगी, जबकि एसडीआरएफ के तहत मिलने वाली धनराशि फाइनांस कमीशन की रिपोर्ट के अनुसार तय होती है। गृह मंत्रालय के अनुसार अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल के टीम लीडर एवं गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव रामचंद्रुडु 28 सितंबर को गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दल प्रभावित क्षेत्रों का फील्ड विजिट कर आपदा से हुए नुकसान और मौजूदा स्थिति का आकलन करेगा।
30 सितंबर को बंजार में फील्ड विजिट
30 सितंबर को बंजार में फील्ड विजिट रखा गया है और दोपहर के बाद टीम शिमला रवाना होगी। इसी शाम को होटल पीटर हाफ में मुख्य सचिव और अन्य सचिवों के साथ इस टीम का डिनर रखा गया है। पहली अक्तूबर को सुबह इस टीम की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से होगी और चंडीगढ़़ वापसी पर शिमला, कसौली और परवाणू के आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा भी किया जाएगा। यह दल पहली अक्तूबर तक दौरे पर रहेगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →