Himachal Pradesh : खेतों में काम होगा आसान; सिर्फ एक रिंग से कर सकेंगे सब्जियों की तुड़ाई
प्रदेश भर में किसानों को 2675 रुपये में मिलेगी 5350 की ब्रांडेड हैंड टूलकिट, प्रूनिंग कैंची सहित आरी, खुरपा और रिंग कटर समेत 10 औजार शामिल
Babushahi Bureau
Shimla: 12 November 2026 : हिमाचल के किसानों और बागवानों को खेतीबाड़ी के काम में अब आधुनिक औजारों का साथ मिलेगा। भिंडी और बैंगन जैसी सब्जियों की तुड़ाई के लिए भी अब हाथ में पहनी जाने वाली छोटी सी रिंग से काम आसान होगा। कृषि विभाग ने किसानों के लिए आधुनिक औजारों से लैस ब्रांडेड हैंड टूलकिट उपलब्ध करवाई है। इसकी खासियत इसमें शामिल फ्रुट एंड वेजिटेबल रिंग कटर है, जिसे उंगली में पहनकर सब्जियों और फलों की तुड़ाई की जा सकेगी।
इसके अलावा किट में प्रूनिंग कैंची, प्रूनिंग आरी, हैंड कल्टीवेटर रैक, खुरपा और पहाड़ी दरांती सहित कुल 10 तरह के औजार दिए गए हैं। बाजार में करीब 5350 रुपये कीमत वाली इस टूलकिट को किसान 50 फीसदी सब्सिडी के बाद महज 2675 रुपये में खरीद सकेंगे। खास बात यह है कि किसानों को करीब चार साल के अंतराल के बाद अच्छी गुणवत्ता वाली ब्रांडेड टूलकिट उपलब्ध करवाई जा रही है।
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेशभर के किसानों के लिए कुल 8334 टूलकिट उपलब्ध करवाई गई हैं। इनमें से 1330 टूलकिट अकेले शिमला जिले को मिली हैं। किसानों को ये किट ब्लॉक स्तर और कृषि विभाग के विक्रय केंद्रों पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगी। कृषि विभाग जिला शिमला के उपनिदेशक मोहिंदर सिंह भवानी के अनुसार टूलकिट की गुणवत्ता और उसमें शामिल औजार किसानों के रोजमर्रा के कृषि एवं बागवानी कार्यों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →