जतिंदर पाल मल्होत्रा दोबारा बने चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
चंडीगढ़, 16 जनवरी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक चुनावों के अंतर्गत जतिंदर पाल मल्होत्रा को दूसरी बार चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान संजय टंडन और पूर्व सांसद किरण खेर को राष्ट्रीय परिषद सदस्य के तौर पर चुना गया। चुनाव प्रक्रिया भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। जम्मू-कश्मीर के विधायक और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरिंदर सिंह रैना ने रिटर्निंग अधिकारी के रूप में अपनी भूमिका निभाई, जबकि पंजाब के विधायक अश्वनी शर्मा को चंडीगढ़ संगठन पर्व के लिए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।
चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रही, जिसे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सराहा। चुनाव के बाद आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जतिंदर पाल मल्होत्रा को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी।
अपने संबोधन में जतिंदर पाल मल्होत्रा ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी मेरे लिए एक सम्मान है। हमारा लक्ष्य पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाना और चंडीगढ़ की जनता की सेवा में अपना सर्वश्रेष्ठ देना है। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता की भलाई के लिए नई योजनाओं पर काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा की लगातार बढ़ती लोकप्रियता कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की ताकत का परिणाम है। मल्होत्रा जी के नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी।
डॉ. नरिंदर सिंह रैना ने कहा कि यह चुनाव संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। हमें विश्वास है कि मल्होत्रा जी चंडीगढ़ में पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
इस अवसर पर पार्टी की आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने संगठन को सुदृढ़ करने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
kk
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →