आईआईटी मंडी तीसरे स्थान पर, इंडिया टुडे-एमडीआरए रैंकिंग 2026 में मारा मैदान
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी : 10 सितंबर 2026 : मंडी आईआईटी देश के उभरते बेहतरीन सरकारी इंजीनियरिंग कालजों की लाइन में तीसरे पायदान पर खड़ा हो गया है। मंडी आईआईटी ने अपनी रैंकिंग में बीते साल के मुकाबले इस साल सुधार किया है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी ने इंडिया टुडे-एमडीआरए रैंकिंग 2026 की प्रमुख श्रेणियों में लगातार सुधार दर्ज किया है। यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक एवं शोध उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे, छात्र विकास, प्लेसमेंट और संस्थागत प्रतिष्ठा को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। तकनीकी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने वर्ष 2026 में देशभर में सातवां स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में आईआईटी मंडी ने 2000 में से 1616.1 का कुल स्कोर प्राप्त किया है।
आईआईटी मंडी ने देश के सभी इंजीनियरिंग कालेजों में 11वां स्थान हासिल किया है। वहीं, सरकारी इंजीनियरिंग कालेजों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने देशभर में 10वां स्थान प्राप्त किया है, जो पिछले वर्ष के 12वें स्थान से दो पायदान का सुधार है।
इंजीनियरिंग श्रेणी में संस्थान का कुल स्कोर 2000 में से 1692.6 रहा, जिसमें 967.4 का ऑब्जेक्टिव स्कोर और 725.2 का परसेप्चुअल स्कोर शामिल है। उभरते हुए सरकारी इंजीनियरिंग कालेजों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में संस्थान केवल आईआईटी गांधीनगर और आईआईटी पटना से पीछे रहा।
मंडी आईआईटी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा कि हमारी प्रगति अकादमिक उत्कृष्टता, उच्च प्रभाव वाले शोध, नवाचार, उद्यमिता और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने से प्रेरित रही है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →