Himachal Monsoon Update: आज से बदलेगा मौसम का मिजाज; कमजोर पड़ा मानसून, अब 28 तक राहत
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 23 अगस्त 2026 :
हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों में अब मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदलने वाला है। राज्य में गत एक माह तक कुछ क्षेत्रों में हुई भारी वर्षा से लोगों को अब निजात मिलेगी।
आगामी छह दिनों में मानसून की सक्रियता कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 28 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है, लेकिन इस अवधि के लिए कोई अलर्ट या भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला।
शिमला में शनिवार दोपहर तक तेज बारिश हुई। चंबा और हमीरपुर समेत कई अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई। वहीं पिछले 24 घंटों में कांगड़ा जिले में कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई।
धर्मशाला में 68 मिलीमीटर, नगरोटा सूरियां में 60 मिलीमीटर, कांगड़ा में 51 मिलीमीटर और सुजानपुर टीहरा में 38 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश का असर प्रदेश की सडक़ों, बिजली और पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा। वहीं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शनिवार शाम तक बारिश और भू-स्खलन के कारण प्रदेश में 98 सडक़ें बंद थीं। इसके अलावा 89 बिजली ट्रांसफार्मर और 42 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं।
मंडी जिला सड़क और बिजली व्यवस्था में सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। यहां 46 सडक़ें बंद थीं और 42 बिजली ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहे थे। कुल्लू में 32 सड़कें बंद थीं और 21 ट्रांसफार्मर प्रभावित थे। अन्य जिलों में चंबा में 12, कांगड़ा में छह तथा शिमला, सिरमौर और ऊना में पांच-पांच बिजली ट्रांसफार्मर बंद रहे। सिरमौर में 40 और हमीरपुर में 31 ट्रांसफार्मर प्रभावित बताए गए हैं। हमीरपुर में 30 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →