IPL 2026 : धर्मशाला में धूम-धड़ाका आज से; प्लेऑफ के लिए खेलेगा पंजाब, दिल्ली के खिलाफ होगा मुकाबला, आईपीएल के रंग में रंगी स्मार्ट सिटी
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला, 11 मई 2026 : इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में सोमवार को आईपीएल-2026 का 55वां मैच पंजाब किंग्स व दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। सोमवार शाम 7:30 बजे से धौलाधार की तलहटी में समुद्र तल से 1450 मीटर ऊंचाई पर बने धर्मशाला स्टेडियम 22 हज़ार दर्शकों के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
पंजाब की टीम लगातार छह जीत के बाद हार की हैट्रिक के क्रम को तोड़ने व दिल्ली कैटिप्लस दो हार से फिसलकर आठवें स्थान में पहुंच गई है। ऐसे में दोनों ही टीमों की नज़र वापसी पर बनी हुई है। पंजाब किंग्स जीत के साथ पहले स्थान को फिर से कब्जाने, तो दिल्ली प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए पूरा जोर लगाएंगी।
एचपीसीए स्टेडियम में 17 मई तक तीन मैच के साथ पंजाब की टीम अपने घरेलू चरण को समाप्त करेगी। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन की सलामी जोड़ी भी अच्छी शुरुआत के बाद अब नाकाम हो रही है।
श्रेयस की अगवाई वाले पंजाब किंग्स को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अब भी कम से कम दो जीत की जरूरत है और ऐसे में टीम चाहती है कि उनके खिलाड़ी उन्हीं तरीकों पर कायम रहें, जिनसे उन्हें टूर्नामेंट के पहले हाफ में सफलता मिली थी।
दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स की नजरें पहले से ही अगले सत्र पर टिकी हैं, क्योंकि वह अपने पिछले छह में से पांच मैच हारने के बाद अंक तालिका के निचले हिस्से में हैं। घरेलू मैदान पर दिल्ली का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है, इसलिए वह पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के लिए स्थल में बदलाव का स्वागत करेंगे। उसके बल्लेबाज धीमी और टर्न लेने वाली पिचों पर खुद को ढालने में नाकाम रहे हैं, जिससे उनकी कमजोरियां उजागर हुई हैं। प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव के साधारण प्रदर्शन ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जबकि मिचेल स्टार्क शायद बहुत देर से टीम से जुड़े।
पंजाब किंग्स— श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह ओमरतजाई, मार्को यानसेन, मुशीर खान, शशांक सिंह, माक्र्स स्टोयनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फग्र्युसन, हरप्रीत बरार, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली।
दिल्ली कैपिटल्स— अभिषेक पोरेल, लोकेश राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंता चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, आकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, काइल जैमिसन, करुण नायर, टी नटराजन। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →