हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला: कुछ जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट, तो कहीं बारिश के आसार
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 23 मई। हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जहां एक ओर पिछले कुछ दिनों की बारिश से अधिकतम तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, वहीं अब मौसम विभाग ने हीटवेव और बारिश—दोनों का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार, 23 मई को चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हीटवेव के साथ-साथ बारिश की संभावना जताई है।
6 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी, भिवानी और महेंद्रगढ़ में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में लू चलने की पूरी संभावना है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक और जींद जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में बादल और बरसात की संभावना
पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल और करनाल में आज बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 23 से 26 मई तक चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी दी है।
24 और 25 मई को बढ़ सकती है बारिश
24 मई को यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 25% तक बारिश हो सकती है। वहीं 25 मई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बरसात के आसार बने रहेंगे।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने आम जनता से अपील की है कि हीटवेव प्रभावित जिलों में दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, और बारिश के दौरान सतर्कता बरतें।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →