राहुल बोले- हरियाणा में अडानी की सरकार नहीं चाहिए
प्रधानमंत्री गरीबों की जेब से तूफान की तरह पैसा निकाल, सुनामी की तरह अडानी की तिजोरी में डाल रहे
हरियाणा की छोटी पार्टियों का रिमोट कंट्रोल भाजपा के पास
प्रियंका बोलीं- पिछले दस वर्ष में हरियाणा की जनता को सिर्फ अपमान मिला
भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है, जनता का सम्मान वापस आ रहा है
चंडीगढ़/नई दिल्ली, 30 सितंबर2024।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में हरियाणा विजय संकल्प यात्रा का आगाज कर दिया। यात्रा सोमवार सुबह अंबाला के नारायणगढ़ में विशाल जनसभा से शुरू होकर यमुनानगर, मुलाना, शाहबाद से होते हुए लाडवा पहुंची। शाम को थानेसर, कुरूक्षेत्र में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। हर जगह यात्रा का भव्य स्वागत हुआ और भारी भीड़ उमड़ी।
नारायणगढ़ में हुई विशाल जनसभा के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भाजपा सरकार पर जमकर हमलावर रहे। इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी महासचिव कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान, सांसद वरुण मुलाना समेत कई नेता मौजूद थे।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि यह मोदी की सरकार नहीं, बल्कि अडानी की सरकार है। हरियाणा में अडानी जैसे लोगों की सरकार नहीं चाहिए। अडानी खेत में मेहनत नहीं करते, कोई छोटा व्यापार नहीं करते। लेकिन हर सुबह उनके बैंक खाते में सुनामी की तरह पैसा आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों की जेब से तूफान की तरह पैसा निकालकर, सुनामी की तरह अडानी की तिजोरी में डाल रहे हैं। मेरा लक्ष्य है कि जितना पैसा मोदी ने अपने मित्रों को दिया है, उतना पैसा मैं हिंदुस्तान के गरीबों, शोषितों और वंचितों को दूंगा।
जनता के विशाल समूह से सीधा संवाद करते हुए राहुल गांधी ने हरियाणा में व्याप्त भीषण बेरोजगारी, अग्निवीर योजना और महंगाई के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा 50-50 लाख रुपये खर्च कर जान जोखिम में डालकर विदेश जाने को मजबूर हैं। क्योंकि हरियाणा में उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना जवानों की पेंशन चोरी करने का तरीका है। किसानों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा कृषि कानून बनाने पर किसान विरोध प्रदर्शन को मजबूर हुए, क्योंकि वे जानते हैं कि उनकी जेब से एक और तरीके से पैसा छीना जाएगा।
जातिगत जनगणना का समर्थन करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में ओबीसी की 50 फीसदी, दलितों की 15 फीसदी, अल्पसंख्यकों की 15 फीसदी और आदिवासियों की आठ फीसदी आबादी है। लेकिन इन वर्गों की देश में कहीं भागीदारी नहीं है। केंद्र सरकार को चलाने वाले 90 अफसर में से सिर्फ तीन ओबीसी वर्ग के हैं।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन के आखिर में हरियाणा में भाजपा और छोटी पार्टियों के बीच अंदरूनी मिलीभगत को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जो छोटी और स्वतंत्र पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं, उनका रिमोट कंट्रोल भाजपा के पास है। असली लड़ाई केवल कांग्रेस और भाजपा के बीच है। यह विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ न्याय है तो दूसरी तरफ अन्याय है। एक तरफ किसानों और मजदूरों का हित है तो दूसरी तरफ अडानी और अंबानी जैसे लोगों का फायदा है।
राहुल गांधी ने जनता से कांग्रेस उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि अब प्रदेश में 36 बिरादरियों की सरकार बनेगी, सबकी हिस्सेदारी तय करने वाली सरकार बनेगी, न्याय की सरकार बनेगी। इस दौरान उन्होंने हरियाणा की जनता के लिए कांग्रेस द्वारा दी गई गारंटियों को भी गिनाया।
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने हरियाणा की धरती पर गीता का उपदेश दिया था। न्याय का संदेश यहीं से निकला था। इसी न्याय के संदेश ने हमारे धर्म, देश और संविधान को बनाया। हरियाणा ने हमेशा देश की रक्षा की है। हरियाणा के बच्चे सरहदों पर जाकर देश की सुरक्षा करते हैं और देश के लिए जान देने को तैयार रहते हैं। लेकिन पूरे देश को सुरक्षित रखने के बदले में पिछले दस वर्ष में हरियाणा की जनता को सिर्फ अपमान मिला है।किसानों पर लाठियां बरसाईं गईं, आंसू गैस के गोले दागे गए। हरियाणा के युवाओं को बेरोजगारी में धकेल दिया गया। युवा भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। लेकिन पेपर लीक हो जाता है। एक भी भर्ती नहीं होती। तमाम सरकारी नौकरियां खाली पड़ी रहती हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लाया गया परिवार पहचान पत्र, परिवार परेशान पत्र बन गया है। इससे जनता को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हरियाणा को मोदी सरकार से सिर्फ बड़े-बड़े वादे मिले हैं। भाजपा नेता अब फिर जनता से नए-नए वादे कर रहे हैं। सवाल है कि दस साल सरकार में रहते हुए भाजपा ने अपने वादे पूरे क्यों नहीं किए। किसानों, महिलाओं, युवाओं और पहलवानों की सुनवाई क्यों नहीं हुई।
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण के आखिर में जनता से कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा नेता संविधान बदलने की बात कहते हैं, इसलिए जनता भाजपा सरकार को बदल डाले। उन्होंने कहा कि भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है, जनता का सम्मान वापस आ रहा है।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने साढौरा में परिवार पहचान पत्र से पीड़ित लोगों और शाहबाद के एक वेयरहाउस में ट्रक चालकों एवं मजदूरों से भी मुलाकात की।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →